प्राचार्य संदेश

प्राचार्य का संदेश

प्रिय छात्राओ !

आज का समय संचार-क्रांति और तेजी से आगे बढ़ती वैज्ञानिक प्रगति का दौर है। भारत की स्वतंत्रता के पश्चात् कुछ दशकों में ही हमारे देश ने सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सामाजिक जीवन में आशातीत परिवर्तन हुए हैं। इन सफलताओं और उपलब्धियों के बीच निरंतर चुनौतियां भी सामने आ रही हैं ।

इस क्रम में शिक्षाजगत्, विशेष रूप से उच्च शिक्षा के सामने विकास और प्रगति के बीच अनेकानेक चुनौतियों से हमारा साक्षात्कार हुआ है। इनमें सबसे महत्त्वपूर्ण है शिक्षा को रोजगारपरक बनाना । हालांकि आरंभिक दौर में जब-जब शिक्षा के उद्देश्यों की बात की गई तो एक स्वर में कहा गया कि मानव-जीवन का सर्वांगीण विकास ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है। शिक्षा का यह पावन उद्देश्य सुनने में आदर्श प्रतीत तो होता है, किंतु अगर आज जीविकोपार्जन के लिए शिक्षा को अपरिहार्य माना जाए तो यह अप्रासंगिक न होगा। इसी प्रासंगिकता और उद्देश्यपरकता को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 को धरातल पर उतारा गया है। आज संपूर्ण देशभर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रावधान लागू किए गए हैं। इस नीति के लागू होने से छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को कुछ असहजता महसूस हो रही है, किंतु एक बड़े बदलाव और वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दौर में हमें भीतर से मजबूत और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार भी होना होगा। यह मानकर चलना होगा कि धीरे-धीरे सफर की मुश्किलें बढ़ी हैं। इन मुश्किलों में वे युवा ही सफल हो पा रहे हैं, जो निरंतर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित किये हुए हैं। बेरोज़गारी तो हमेशा रही है, लेकिन जीत का सेहरा उसी मस्तक पर बंधता है, जिसने अपने जीवन को अनुशासन में बांध लिया। इसीलिए सफल जीवन का एक मूलमंत्र है अनुशासन। जिस व्यक्ति ने अनुशासित दिनचर्या को अपने जीवन का मूल संस्कार बना लिया, उसके लिए सफलता के सारे दरवाजे खुल जाते हैं। इसीलिए अनुशासन और परिश्रम को अपने जीवन का अनिवार्य अंग बना लीजिए, सफलता स्वयं आपके कदम चूमेगी। कभी-कभी जीवन में अभाव और विपरीत परिस्थितियां हो सकती हैं, किंतु वे सब अनुशासन, परिश्रम और दृढ़संकल्प के सामने ठहर नहीं सकतीं । इसीलिए संकल्प करिए कि मुझे जीवन के झंझावातों से घबराना नहीं है, अपने देश-समाज के लिए कुछ करना है। राजकीय महिला महाविद्यालय, कोटा, सहारनपुर आपके सपनों को साकार करने के लिए आपके साथ खड़ा है। हम कामना करते हैं कि आपका जीवन सार्थक हो, यशस्वी हो, आपके सभी मनोरथ पूर्ण हों तथा आप सभी अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें ।

प्रो. यामिनी पांडेय

प्राचार्य